शांभवी मुद्रा के प्रभावों ने विज्ञान को चौंकाया

शांभवी मुद्रा के प्रभावों ने विज्ञान को चौंकाया

रूद्रयामल तंत्र की एक कथा है। आदियोगी शिव जी ने पार्वती जी को चित्त की एकाग्रता, मन की शांति के लिए शांभवी मुद्रा का अभ्यास बताया था। अवसाद की विश्वव्यापी समस्या के आलोक में अमेरिका के कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी में इस योग मुद्रा की शास्त्रसम्मत व्याख्या, उसके प्रभाव और उन प्रभावों की वैज्ञानिकता का अध्ययन किया गया तो खुद वैज्ञानिक चौंक उठे। इसलिए कि तंत्र की बातें विज्ञान की कसौटी पर सच साबित होती दिखीं। शोध के दौरान भावनात्मक संतुलन, आंतरिक शांति और मानसिक स्पष्टता के अलावा मानव शरीर पर इसके कई अन्य सकारात्मक प्रभाव भी दिखे। अब तो पश्चिम का अशांत मन इसके पीछे दौड़ पड़ा है।

पढ़ें- सहज योग विधियों के अद्भुत नतीजे

ईशा फाउंडेशन के संस्थापक और आध्यात्मिक गुरू सद्गुरू जग्गी वासुदेव के लिए वैज्ञानिक शोध के नतीजों से चौंकने जैसी कोई बात नहीं थी। वे तो योग शास्त्र और उसकी वैज्ञानिकता को पढ़ते, समझते व अनुभव करते ही इस मुकाम तक पहुंचे हैं। बात केवल महामुद्रा की जन स्वीकार्यता की थी। अनुभव बताता है कि विज्ञान जिस बात को हां कह दे, हम उसे आंख मूंदकर स्वीकार कर लेते हैं। लिहाजा, उन्होंने शांभवी मुद्रा और प्राणायाम की विधियों को अपने अनुभवों के आधार पर शोध कर योग की एक तकनीक विकसित कर दी। नाम दिया – इनर इंजीनियरिंग। इस लेख में इन्हीं बातों का विश्लेषण है।

पहले शांभवी मुद्रा की ऐतिहासिकता और उसके परिणामों की बात। कथा के मुताबिक, पार्वती जी ने शिव जी को अपने मन की उलझन बताई। कहा, “स्वामी मन बड़ा चंचल है। एक जगह टिकता नहीं।“ फिर उपाय पूछा, “क्या करूं? किसी विधि समस्या से निजात मिलेगी?” शिव जी ने एक सरल उपाय बता दिया – “दृष्टि को दोनों भौंहों के मध्य स्थिर कर चिदाकाश में ध्यान करें। मन शांत होगा, त्रिनेत्र जागृत हो जाएगा। इसके बाद बाकी सिद्धि के लिए कुछ शेष नहीं रह जाएगा।“ उन्होंने इस क्रिया को नाम दिया – शांभवी मुद्रा। पार्वती जी का एक नाम शांभवी भी है। ऐसा संभव है कि उन्होंने इस क्रिया का नामकरण अपनी पत्नी के नाम को ध्यान में रखकर और उन्हें खुश करने के लिए किया होगा। कहते हैं कि पार्वती जी ने भ्रूमध्य में आसानी से ध्यान लगाने के लिए बिंदी लगाई थी। तभी से महिलाओं में बिंदी लगाने का चलन शुरू हुआ।

खैर, हठयोग की इस गुप्त महामुद्रा से लोग लंबे समय तक अनजान थे। सत्रहवीं शताब्दी के वैष्णव संत महर्षि घेरंड ने शांभवी मुद्रा की विस्तृत व्याख्या की। स्वात्माराम ने अपनी हठयोग प्रदीपिका में इसकी चर्चा की। इस तरह लोगों को इसके बारे में पता चला। आधुनिक युग के अनेक संतों ने इन दोनों ऋषियों के योग साहित्य का भाष्य लिखा। स्वामी निरंजनानंद सरस्वती का भाष्य सरल व  गाह्रय है। उनके मुताबिक, शांभवी मुद्रा महामुद्रा इसलिए है कि जैसा कि महर्षि घेरंड ने कहा है, उसका स्थान वेद, शास्त्र और पुराण से भी ऊपर है। जब इसे जन-कल्याण के लिए उपलब्ध कराया गया तो बताया गया कि इसका अभ्यास करते समय आंखों की गति को नियंत्रित करके उसे श्वास के साथ जोड़ लिया जाना चाहिए। सावधानी इतनी कि जिनकी आंखों की शल्य-क्रिया हुई हो या ग्लूकोमा हो तो कुशल मार्ग-दर्शन में ही इसका अभ्यास करना है।

पढ़ें- खेल बिगाड़ते योग के नीम हकीम

योग रिसर्च फाउंडेशन ने कई दशक पहले शांभवी महामुद्रा पर अध्ययन कर लिया था। इसलिए बिहार योग विद्यालय के संस्थापक परमहंस स्वामी सत्यानंद सरस्वती और उनके आध्यात्मिक उत्तराधिकारी परमहंस स्वामी निरंजनानंद सरस्वती लगातर कहते रहे कि शांभवी मुद्रा की क्रिया आज्ञा चक्र को जागृत करने की शक्तिशाली क्रिया है। दरअसल, इस क्रिया से अल्फा तरंगों में वृद्धि हो जाती है। तंत्रिका तंत्र और अंत:स्रावी ग्रंथियां संतुलित ढंग से काम करती हैं। पीयूष ग्रंथि के ह्रास की रफ्तार धीमी हो जाती है। शरीर के ऊर्जा केंद्र, जिन्हें चक्र कहा जाता है, जागृत होते हैं और उनसे निकले वाली ऊर्जा, जिसे योग में प्राण-शक्ति कहा जाता है, पुन: शरीर में स्थापित हो जाती है। फलस्वरूप चेतन मन शांत होता है। रचनात्मकता व एकाग्रता बढ़ती है। अवसाद व अनिद्रा की समस्या नहीं रह जाती।

योग शास्त्र के मुताबिक शरीर में मौजूद प्रमुख सात चक्र वास्तव में ऊर्जा केंद्र हैं और भावनाओं को नियंत्रित करने के लिए जाने जाते हैं। वे रीढ़ की हड्डी के बहुत अंत से शुरू होकर सिर के शिखर तक हैं। आत्मा, शरीर और स्वास्थ्य के बीच संतुलन बनाने में इन चक्रों की बड़ी भूमिका होती है। शांभवी मुद्रा की साधना उच्च स्तर की हो तो आज्ञा चक्र के पीछे और आगे के चक्रों यथा विशुद्धि चक्र और बिंदु के बीच संपर्क बन जाता है। मन और प्राण संयत होता है। एकाग्रता और मानसिक स्थिरता आती है। तनाव, क्रोध और चिंता का निवारण हो जाता है। आंखों की पेशियां मजबूत हो जाती हैं। आज्ञा चक्र पर शांभवी मुद्रा के विशेष प्रभावों के कारण ही इसे बच्चों और छात्रों के लिए सर्वाधिक उपयुक्त माना गया है।

कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी के अध्ययन के परिणाम भी प्रकारांतर से योग रिसर्च फाउंडेशन के नतीजों जैसे ही हैं। फर्क केवल भाषा का है। एक योग की भाषा है तो दूसरा विज्ञान की। कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी के मुताबिक शाम्भवी मुद्रा का अभ्यास करने वालों के मस्तिष्क में न्यूरोनल रिसाइकिलिंग सामान्य की तुलना में 241 फीसदी ज्यादा होती है। दूसरी तरफ पीनियल ग्रंथि के कमजोर होने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है। तंत्रिका तंत्र और अंत:स्रावी ग्रंथियों के बीच बेहतर समन्वय बनता है। कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी में 536 लोगों पर शांभवी मुद्रा के प्रभावों के अध्ययन किया गया था। एकाग्रता में 77 फीसदी, मानसिक स्पष्टता में 98 फीसदी, भावनात्मक संतुलन में 92 फीसदी, ऊर्जा के स्तर में 84 फीसदी, आंतरिक शांति में 94 फीसदी और आत्मबल में 82 फीसदी की वृद्धि हो गई थी।

सद्गुरू ने शांभवी महामुद्रा की वैज्ञानिकता और समय की नजाकत को ध्यान में रखकर ऑनलाइन प्रशिक्षण की तकनीक विकसित कर दी है। पर उन्होंने इसका नाम ऐसा रखा है कि सबको सहज स्वीकार्य हो जाए। वरना कई बार धार्मिक मान्यताएं आड़े आ जाती हैं। पहले नाम का फिर उसके प्रभाव का असर है कि भारत ही नहीं, दुनिया के अनेक देशों में शांभवी मुद्रा पर आधारित इनर इंजीनियरिंग एक खास वर्ग के बीच धूम मचा रही है। आईआईटी और सर गंगाराम अस्पताल ने मिलकर ईईजी के जरिए ईशा योग का प्रभाव देखा है। सद्गुरू जग्गी वासुदेव वैज्ञानिक शोध के आधार पर कहते हैं कि शाम्भवी क्रिया करने वालों में कार्टिसोल (तनाव को कम करने वाला हार्मोन) नियंत्रण में रहता है।

पढ़ें- कोविड-19 : आइए, मन का प्रबंधन करें

जाहिर है कि शांभवी मुद्रा बेहद प्रभावशाली योग मुद्रा है। “योगी कथामृत” के लेखक और पश्चिमी दुनिया में क्रिया योग का प्रचार करने वाले परमहंस योगानंद से किसी ने पूछ लिया –“क्रियायोग के अतिरिक्त और कोई वैज्ञानिक विधि है, जो साधक को ईश्वर की ओर ले जा सके?” पहमहंस जी बोले, “अवश्य। परमात्मा को पाने का एक पक्का और द्रुतगामी रास्ता है अपने भ्रूमध्य स्थित कूटस्थ चैतन्य पर ध्यान करना।“  तंत्र से लेकर विज्ञान तक की बातों और नए-पुराने योगियों के मंतव्यों से शांभवी महामुद्रा की अहमियत का सहज अंदाज लगाया जा सकता है।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार और योग विज्ञान विश्लेषक हैं)

 

इसे भी पढ़ें-

कोरोना योद्धा बने भारत के योगी

अब पूरी दुनिया ले रही है योग का ज्ञान, जानिए कोरोना से कैसे बचा सकते हैं योगासन?

सच, बड़े काम का है षट्कर्म

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।